बदायूं। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जनपद के चार केंद्रों पर चौथे दिन शनिवार को भी जारी रहा। परीक्षकों के अनुपस्थित होने से सामान्य हिन्दी और गृह विज्ञान की काॅपियों को जांचने में दिक्कत आ रही है। इन्हें अब डीआईओएस ऑफिस से नोटिस भेजकर बुलाया जा रहा है। शनिवार को भी 833 परीक्षक गैरहाजिर रहे। वहीं, चौथे दिन शनिवार को 859 परीक्षकों ने चाराें केंद्रों पर 39,326 कॉपियां जांचीं।
पहले दिन बुधवार को जहां 11,760 कॉपियां जांची गईं थीं तो दूसरे दिन बृहस्पतिवार को परीक्षकों ने 30,596 कॉपियों चेक कीं। तीसरे दिन शुक्रवार को मूल्यांकन ने रफ्तार पकड़ते हुए सभी चारों केंद्रों पर कुल 36,049 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं। मूल्यांकन के चौथे दिन चारों केंद्रों पर 39,326 कॉपियां चेक की गईं।
एसके इंटर काॅलेज में 6,665 कॉपियां जांची गईं, यहां 113 परीक्षक नदारद रहे। जीआईसी में 12,970 कॉपियां जांचीं गईं, यहां 302 परीक्षक गैरहाजिर रहे। जीजीआईसी में 7,491 कॉपियां जांची गईं, यहां 131 परीक्षक नदारद रहे। हाफिज सिद्दीकी में 12,200 कॉपियां जांची गईं, यहां 287 परीक्षक गैरहाजिर रहे। चारों केंद्रों पर कुल 833 परीक्षक गैरहाजिर रहे।
मंडल स्तरीय मूल्यांकन प्रभारी दीप्ति वार्ष्णेय ने जीआईसी, जीजीआईसी, इस्लामियां केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज आदि की भी पड़ताल की। इस दौरान उनके साथ जिला पर्यवेक्षक नूतन रानी भी मौजूद रहीं। मूल्यांकन केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
शनिवार को तीन केंद्रों का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं के अनुरूप मूल्यांकन किया जा रहा है। समय रहते निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। परीक्षकों की कमी की वजह से सामान्य हिन्दी और गृह विज्ञान की कॉपियों को जांचने में दिक्कत आ रही है। जल्द ही गैरहाजिर परीक्षकों को कार्यालय द्वारा नोटिस देकर भेजकर बुला जा रहा। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस