वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह वनकोटा गांव के पास एक ट्रक ने टेंपो को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला के परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा निवासी सुमित (26) नोयडा में एक कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार रात वह अपने परिवार के साथ नोयडा से लौट रहा था। उसके साथ पत्नी अंजली (22), छोटा भाई संजू (20), गौरव (19), चंद्रहास (19) आदि थे। सुबह चार बजे रोडवेज बस स्टैंड उतरने के बाद उन्होंने किराये का एक टेंपो किया और घर के लिए रवाना हो गए। यह टेंपो रास्ते में वनकोटा गांव के पास पहुंचा था कि तभी सामने से आए ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में अंजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित समेत टेंपों में सवार बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उस समय हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है, साथ ही देवर संजू की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे के बाद से महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।