नये साल का गर्मजोशी से किया स्वागत, जमकर मचा धमाल
बदायूं। वर्ष 2018 की खट्ठी मीठी यादों को भुलाकर लोगों ने जोर-शोर से नए साल 2019 का स्वागत किया। नए-पुराने साल की इस मिलन बेला पर देर रात तक जिले भर में धमाल मचा रहा। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोग डीजे की धुन पर झूमते, नाचते नजर आए। होटल-रेस्टोरेंट में पार्टियां आयोजित हुईं।
शहर में नए साल के स्वागत की तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी। ग्राहकों को लुभाने के लिए होटल संचालकों ने पैकेज निर्धारित कर दिए थे। सोमवार को शाम होने के साथ ही आयोजन शुरू हो गए। कहीं डीजे की धुन पर डांस हुआ तो कहीं बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। महिलाओं और बच्चों में नये साल के स्वागत का उत्साह देखने लायक था। रंग-बिरंगी ड्रेस और अंदाज में तैयार होकर लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। रात 12 बजे जैसे ही नए साल का आगाज हुआ तो लोगों ने अपने अंदाज में नये वर्ष का स्वागत किया। कार्यक्रमों में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। जल्द बंद होने वाले रेस्टोरेंट भी देर रात तक खुले रहे।
--------------------
व्हाट्स एप, फेसबुक पर बधाइयों की झड़ी
नए साल पर जो लोग एक दूसरे से नहीं मिल पाए, उन्होंने व्हाट्स एप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि सोशल साइट्स का प्रयोग किया। मोबाइल पर ही लोगों को शुभकामनाएं दी गईं।