फोटो-56
जेल में तलाशी, माचिस-बीड़ी और लाइटर मिले
जेल में दो कैदियों की मौत के बाद हरकत में आए प्रशासनिक अधिकारी
डीआईजी जेल ने बंदी रक्षकों और बंदियों से की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
दो कैदियों की मौत के बाद डीएम-एसएसपी ने गुरुवार सुबह जिला कारागार में सर्च अभियान चलवाया। इस दौरान कई कैदियों, बंदियों पर बीड़ी, माचिस और लाइटर मिले। कुछ अन्य वस्तुएं मिली हैं। जिन्हें कब्जे में ले लिया गया। डीएम ने जेल प्रशासन को सख्त हिदायत दी है। कहा कि वह इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। जिला कारागार में बुधवार दोपहर दो कैदियों की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। उनकी मौत को जेल प्रशासन ने आत्महत्या बताया था। इनमें कैदी शाहरुख की जेब से सुसाइड नोट मिला था। जबकि असलम और शाहरुख के परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जेल प्रशासन की सुरक्षा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने जेल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई कराने का आरोप लगाते हुए लालपुल पुलिस चौकी के सामने जाम भी लगाया था। इस पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने समझाबुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं परिवार वाले शांत हुए। इस घटना की जानकारी पर डीआईजी जेल शशि श्रीवास्तव बुधवार शाम ही जिला कारागार पहुंच गईं थीं।
इधर, जेल प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जिला जेल पहुंच गए। सबसे पहले उन्होंने जेल अधिकारियों से जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने टीम लगाकर अपने सामने ही जेल की बैरकों में सर्च अभियान चलवाया। इस दौरान कई कैदियों और बंदियों के पास बीड़ी, माचिस और लाइटर के अलावा कुछ अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इस दौरान डीएम ने जेल प्रशासन की सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि यह सामान मिलना सुरक्षा में चूक का नतीजा है। अगर इसके बावजूद जेल प्रशासन नहीं सुधरा तो किसी दिन बड़ी वारदात हो सकती है। इस मामले में वह रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजेंगे। जहरीले पदार्थ से मरे कैदियों के मामले में उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं।
इंसेट---
जहर मामले में होगी न्यायिक और मजिस्ट्रेटी जांच
-मृतक कैदी शाहरुख के परिवार वाले गुरुवार दोपहर डीएम दिनेश कुमार सिंह से मिले। उन्होंने इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराने की मांग की। इस दौरान उनके साथ इस्लामनगर के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन वाहिद खां थे। डीएम ने उनकी मांग पर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले की न्यायिक जांच भी होगी।
------------------
कुख्यात अपराधी चंदन समेत तीन बंदी होंगे दूसरी जेल में ट्रांसफर -गुरुवार को जिला कारागार का निरीक्षण के दौरान डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कुख्यात अपराधी देवकी नंदन उर्फ चंदन सिंह के बारे में भी पूछताछ की। इस दौरान कहा कि चंदन सिंह के अलावा जेल में बंद कुख्यात अपराधी पप्पू और जगपाल को बरेली जेल में ट्रांसफर किया जाएगा।
----------
दोनों कैदियों का बिसरा प्रजर्व
जिला कारागार में जहरीला पदार्थ खाने से मरे दोनों कैदियों का गुरुवार दोपहर पैनल में पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। दोनों कैदियों के शरीर से जहरीले पदार्थ के अंश मिले हैं। डॉक्टरों ने जहर की पुष्टि के लिए बिसरा प्रजर्व कर दिया है। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्पष्ट वजह पुष्ट हो सकेगी।