वन दरोगा ने दहेज में मांगे थे 15 लाख, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
दूसरी जगह रिश्ता तय करने पर लड़की को गर्लफ्रेंड बताकर शादी तुड़वा दी
रिश्तेदार के शिकायत करने पर लड़की वालों को सड़कर पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था
बदायूं। एक वन दरोगा ने दहेज के लालच में कानून की सारी हदें पार कर दीं। एक युवक ने उससे बेटी का रिश्ता तय करना चाहा तो वन दरोगा ने दहेज में 15 लाख रुपये नकद मांगे। दूसरी जगह रिश्ता तय करने पर दरोगा ने लड़के वालों से संपर्क कर लड़की को खुद की गर्लफ्रेंड बताकर रिश्ता तुड़वा दिया। लड़की वाले शिकायत करने पहुंचे तो दरोगा ने उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लड़की पक्ष के लोग रिपोर्ट लिखाने उझानी थाने गए तो पुलिस ने पीड़ित पक्ष की सुनने के बजाय वन दरोगा का साथ दिया और मामूली मारपीट की एनसीआर दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। मगर, पीड़ित पक्ष के पास लाठी से मारपीट की वीडियो होने से वन दरोगा फंस गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एसएसपी ने एनसीआर को एफआईआर में तरमीम करा दिया। अब मामले की विवेचना शुरू हो गई है। रविवार को पीड़ित पक्ष ने कोतवाली उझानी जाकर अपने बयान दर्ज कराए।
सीतापुर जिले के निवासी एक व्यक्ति की दूर की रिश्तेदारी उझानी के अब्दुल्लागंज निवासी अंकेश शर्मा से है। अंकेश मृतक आश्रित में वन दरोगा के पद पर दातागंज में तैनात है। पहले से परिचय के आधार पर व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी अंकेश से तय की थी। बताते हैं कि अंकेश ने पंद्रह लाख रुपये दहेज मांगा तो लड़की पक्ष ने इंकार कर दिया। इसके बाद बदायूं शहर में बेटी का रिश्ता तय कर 22 अक्तूबर को सगाई कर दी। अंकेश ने पहले लड़के को कॉल करके बताया कि उसकी होने वाली दुल्हन से उसके संबंध हैं। कहा कि लड़की जब दस साल की थी, तब से उससे बात करती है। उसकी सगाई के तत्काल बाद वह सीतापुर पहुंचा था और सगाई के फोटो तक उसके पास हैं। कहा कि वहां से शादी कर भी ली तो उम्र भर पछताओगे। इस पर लड़के पक्ष के लोग उखड़ गए और रिश्ता तोड़कर अपना दिया गया सामान वापस ले लिया। इससे लड़की पक्ष की काफी बदनामी हुई। लड़की के पिता ने बताया कि वह 25 अक्तूबर को अपने परिवार के लोगों के साथ अंकेश के घर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश की। तब अंकेश, उसके बड़े भाई शेखर और उसके साथियों ने उन्हें लाठियों से बुरी तरह पीटा। इस मामले को उझानी पुलिस ने उस वक्त एनसीआर दर्ज करके निपटाने की कोशिश की। इस बीच लड़की के पिता आरोपियों पर कार्रवाई कराने के लिए लगे रहे। कुछ दिन पहले ही अंकेश और अन्य के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर एनसीआर को एफआईआर में तरमीम किया गया। एसआई राकेश वर्मा को प्रकरण की विवेचना मिली है। उनके बुलावे पर रविवार को लड़की, उसके पिता और परिवार के अन्य लोग रविवार को उझानी कोतवाली पहुंचे और घटना के संबंध में अपने बयान दर्ज कराए। लड़की के बारे में उसके मंगेतर को गुमराह करने वाली ऑडियो रिकार्डिंग, मारपीट की वीडियो रिकार्डिंग जैसे सारे साक्ष्य विवेचक को सौंप दिए गए हैं।
यह गंभीर मामला है, जिसमें दोषी के खिलाफ बहुत साक्ष्य मौजूद हैं। जल्द ही चार्जशीट लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- राकेश वर्मा, एसआई, विवेचक