बदायूं। मरीजों की सुविधा के लिए संचालित की गई 108 एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाओं का टोटा होने के कारण मरीजों को दिक्कत हो रही है। सीएमओ ने इस तरह की किसी जानकारी से इंकार किया है।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जिले में 102 और 108 एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवा संचालित हैं। जिले में इन गाड़ियों की संख्या 64 हैं। यहां दवाओं का टोटा है तो स्ट्रैचर भी खराब हैं। बिना दवाओं की एंबुलेंस आपात स्थिति में मरीजों को सिर्फ गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाने का काम कर रही है। रास्ते में अगर मरीज की हालत बिगड़ती है तो वह तड़पता रहता है। शनिवार को एंबुलेंस चालक और 108 स्वास्थ्य सेवा कार्यालय के कर्मचारियों से बातचीत में दवाओं की किल्लत का खुलासा हुआ। बताया गया कि सीएमओ को कई बार दवाओं की लिस्ट भेजी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में कभी भी आपात स्थिति में मरीज के साथ अनहोनी हो सकती है।
सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा का कहना है कि एंबुलेंस में दवाओं का टोटा होने की जानकारी मुझे नहीं हैं। दवाई लगातार उपलब्ध कराई जाती है। अगर नोडल अफसर की ओर से दवाओं की लिस्ट भेजी जाएगी तो तुरंत समस्या का समाधान कराया जाएगा।