बदायूं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद को खुले में शौच मुक्त कराने के लिए सुबह ही डीएम अनिता श्रीवास्तव ने विकास खंड सालारपुर के ग्राम ललेई में जाकर ग्रामीणों को समझाया कि कोई भी व्यक्ति खुले में शौच के लिए न जाए। सभी लोग शौचालय बनवाएं और उसका इस्तेमाल करें। गांव में साफ-सफाई और पानी निकास की सही व्यवस्था न पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। बीआरबी मॉडल स्कूल के प्रबंधक ने ओडीएफ कराने के लिए गांव को गोद लिया।
डीएम तथा पंचायत राज अधिकारी ने ओडीएफ के लिए लगी स्वच्छ टीम सीएलटीएस का मौका मुआयना भी किया। डीएम ने गांव में व्याप्त गंदगी को देखकर कहा कि जो लोग रास्ते में अपने जानवर बांधते हैं, वह एक सप्ताह के भीतर उनको अन्यत्र बांधने अपनी व्यवस्था कर लें अन्यथा कार्रवाई को तैयार रहे। उन्होंने कहा कि गंदगी से विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। इसलिए गांव में गंदगी नहीं रहना चाहिए। उन्होंने ग्रामवासियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी खुले में शौच को नहीं जाएगा। इससे बीमारियां तथा अन्य प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं। जिससे लोगों को बहुत बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए जो सक्षम हैं वह स्वयं अपना शौचालय बनवाएं और जो सक्षम नहीं हैं उनका शासकीय सहायता से शौचालय बनवाया जाए। सभी लोग शौचालय का ही प्रयोग करें।
मेड़ पर ग्रामीणों को निकलने में हो रही परेशानी को देखते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अपने सामने रास्ते में बनी अवैध दीवार को गिरवाकर ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि नाली व निकलने का रास्ता विधिवत बनवाया जाए जिससे ग्रामीणों को निकलने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी केंद्र पर गंदगी के ढेर देखकर सफाई कर्मचारी की कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि शाम तक सफाई कर उसका फोटो उनके व्हाट्स ऐप पर भेजा जाए। डीएम ने कहा कि बीआरबी स्कूल के प्रबंधक सुभाष बत्रा ने ओडीएफ कराने के लिए अपनी स्वेच्छा से ब्लॉक जगत के ग्राम नाई डुमेरा को गोद लिया है ताकि जनपद स्वच्छ और सुंदर बन सके।