बदायूं। रविवार रात जिले में आठ कोरोना पॉजिटिव और निकले। इनमें एक कोरोना संक्रमित एंबुलेंस कर्मचारी है। फिलहाल उसे उसावां स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे में क्वांरटीन करा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रविवार रात 1403 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें आठ लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। जबकि 1395 सैंपल निगेटिव बताए गए हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने खासतौर पर ढाबा, होटल और रेस्टोरेेंट के अलावा अन्य स्थानों पर कैंप लगाकर लोगों की कोरोना की जांच की। इस दौरान उझानी में एक, उसावां में एक और बिसौली में चार कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जबकि शहर के सिविल लाइंस इलाके में दो संक्रमित पाए गए हैं। उसावां के एंबुलेंस कर्मचारी को स्वास्थ्य केंद्र परिसर के एक कमरे में क्वांरटीन कर दिया गया है। अन्य लोगों को आसरा आवास भेजा गया है। रविवार को सक्रिय मरीजों की संख्या 140 और मृतकों की संख्या 41 रही।