आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला। उन्हेें ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण के साथ 632 शिक्षामित्रों का समायोजन कराने की मांग की।
जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रावेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में मिलने गए प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि जिले में शिक्षामित्रों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सहायक अध्यापक बने शिक्षामित्रों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन होना है। शेष 632 शिक्षामित्रों का समायोजन किया जाना है। बीएसए ने बताया कि जल्द प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया जाएगा। जल्द ही 770 रिक्त पदों के सापेक्ष नियुक्ति करने की अनुमति सचिव बेसिक शिक्षा परिषद, इलाहाबाद से मांगी गई है। तीन माह का मानदेय भी दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर निर्भान सिंह यादव, सतीश चंद्र गुप्ता, विनोद राठौर, संजीत यादव, मुकेश कुमार सिंह, शराफत अली, अजयवीर सिंह यादव मौजूद रहे।
प्राथमिक शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से बीएसए को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें 632 शिक्षामित्रों का जल्द समायोजन कराने, शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने संबंधी मांग उठाई गईं। जिलाध्यक्ष चंद्रकेश यादव ने मानदेय का भुगतान जल्द कराने की मांग उठाई। इन्हीं मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से भी मिला। बीएसए ने मांगों का निस्तारण जल्द कराने का आश्वासन भी दिया है। ज्ञापन देने वालों में हरीश यादव, अवनीश्वर सिंह, सुशील चौधरी, रवेंद्र गुप्ता, सतीश गुप्ता, उदयवीर सिंह, अनुराग यादव, निमनि सिंह, मुकेश, राजीव राठौर, पवन यादव, अशोक यादव, नरेंद्र सिंह, राजीव सोलंकी, लक्ष्मण सिंह, वेदप्रकाश, विनोद राठौर, संजीत कुमार, सलमान खान शामिल रहे।