बदायूं। डग्गामारी नहीं रुकने से खफा रोडवेज के कर्मचारियों ने सोमवार से बेमियादी आमरण अनशन शुरू कर दिया। धरना-प्रदर्शन में बैठे कर्मचारियों ने कहा कि डग्गामारी रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन बिल्कुल भी गंभीर नहीं है जिसकी वजह से उन्हें आंदोलन को मजबूर होना पड़ा है।
रोडवेज परिसर में धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि जिले की लगभग सभी सड़कों पर डग्गामार वाहन दौड़ रहे हैं जिसकी वजह से बदायूं डिपो को प्रतिदिन करीब दो लाख रुपये राजस्व की हानि होती है। डग्गामारी रोकने को कई बार पत्र प्रशासन को दिए गए हैं, लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया। कहा कि डग्गामारी रोडवेज स्टैंड के सामने से ही की जाती है। पुलिस वाले भी तैनात रहते हैं, लेकिन कोई डग्गामार वाहनों को नहीं पकड़ता है। वक्ताओं ने कहा कि जब तक डग्गामारी नहीं रुक जाती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को आमरण अनशन पर असद कदीर खां, मदन पाल सिंह, विपिन चौहान, ओमकार सिंह रहे। इस मौके पर चंदालाल, मुस्कान अली, केएफ राशिद, राजकुमार शर्मा, मैकू लाल, उमेश बाबू आदि भी मौजूद थे।