पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर एक युवक मंगलवार शाम टॉवर पर चढ़ गया और करीब डेढ़ घंटे तक ड्रामा किया। मौके पर एकत्र भीड़ ने उसे नीचे उतारने का काफी प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पत्नी को बुलाया, तब कहीं युवक नीचे उतरा।
टॉवर पर चढ़ने वाला आरिफ पुत्र अंसार नगर के पछाया मोहल्ले का रहने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरिफ की पत्नी शाजिया करीब एक माह पहले नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। इससे आरिफ काफी परेशान था। उसने पत्नी को घर लौटने के लिए कई बार फोन किया था। अन्य लोगों से भी सिफारिश कराई थी लेकिन वह ससुराल नहीं आई। मायके से आई तो कस्बे में ही अपनी बड़ी बहन के घर चली गई। जो आरिफ को नागवार गुजरा। वह मंगलवार शाम करीब तीन बजे बहजोई रोड पर एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। जब लोगों की उस पर नजर गई, तब तक काफी ऊंचाई पर पहुंच चुका था। देखते ही देखते मौके पर सैंकड़ों लोग एकत्र हो गए। इस दौरान लोगों ने उसे नीचे उतारने का भी प्रयास किया लेकिन वह अपनी पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। इसकी सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने भी उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। उसकी जिद को देखते हुए पुलिस ने उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया। तब कहीं युवक नीचे उतरकर आया। उसके बाद पत्नी के साथ अपने घर चला गया। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।