फोटो-23-
जेब में रख ली पहली किस्त, नहीं बनाए शौचालय
शहरी क्षेत्र में चिह्नित किए गए थे 2408 लाभार्थी, 150 लोगों को पालिका जारी कर रही है नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए देश भर में अभियान चल रहा है इसके लिए गरीब लोगों को अपने घरों में शौचालय बनवाने के लिए शासन की ओर से धनराशि भी दी जा रही है। वर्ष 2017 में शहर में नगर पालिका परिषद की ओर से खुले में शौच करने वालों का सर्वे कराया गया था। जिसमें 2408 लोगों को चिह्नित किया गया। शासन ने उन सभी को शौचालय बनवाने को पहली किस्त के रूप में चार हजार रुपये दे दिए। अब खुलासा हुआ है कि पहली किस्त लेने के बाद भी 150 लोगों ने आज तक शौचालय का निर्माण नहीं कराया है। लिहाजा, पालिका उन सभी को नोटिस जारी कर रही है।
शहर, कस्बे और गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने को प्रधानमंत्री के आह्वान पर अभियान चल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार अनेक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को खुले में शौच से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बता रही है। जो लोग शौचालय नहीं बनवा सकते ऐसे गरीब लोगों को हर जगह सर्वे के जरिए चिह्नित किया गया। बदायूं शहर में भी नगर पालिका परिषद प्रशासन ने 2408 ऐसे लोगों को चिह्नित किया था, जिनके घर में शौचालय नहीं हैं और उनकी माली हालत खराब है। उन्हें शौचालय बनवाने को पहली किस्त के रूप में पिछले साल चार हजार रुपये दिए गए। शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू हो जाने के बाद दूसरी किस्त जारी की जानी है। इन लोगों में 150 लोग आज भी ऐसे हैं जिन्होंने शौचालय के नाम पर ईंट तक घर में नहीं लगवाई है। पालिका के सर्वे में इस बात का खुलासा हुआ है सो अब पालिका ऐसे सभी लोगों को नोटिस जारी कर रही है। उन्हें एक सप्ताह में शौचालय का निर्माण शुरू कराने को दिया जा रहा है। यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया तो उन्हें दूसरी किस्त जारी नहीं की जाएगी और पहली किस्त की धनराशि भी वापस ली जाएगी। लिहाजा, नोटिस की जानकारी होने से उन लाभार्थियों में खलबली मची हुई है।
------
क्या बोले लोग
------
फोटो-21-
जब सरकार की ओर से शौचालय बनाने के लिए रुपये दिए जा रहे हैं, तो लोगों को तुरंत ही शौचालय बनवाने चाहिए।
-कमल ग्रोवर
----
फोटो-22-
नगर पालिका की ओर से जिन लोगों को शौचालय दिए हैं। उनमें खेल किया गया है। कई पात्र लोगों को शौचालय नहीं दिए हैं। जिन्हें दिया गया है, उनके यहां पर पहले से शौचालय है।
-संजू कुमार
----
वर्जन-
जो भी लाभार्थी शौचालय के लिए चिह्नित किए गए थे उन्हें पहली किस्त जारी हो चुकी है। पता चला है कि डेढ़ सौ लोगों ने अभी काम शुरू नहीं कराया है सो उन्हें नोटिस जारी हो रहे हैं।
-निशा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद