बदायूं। घरेलू उपभोक्ता बिजली का बिल जमा न करें तो उनका कनेक्शन काट दिया जाता है पर यहां तो कई सरकारी विभाग ही इस मामले में बड़े डिफाल्टर साबित हो रहे हैं। कई थानों और अस्पतालों पर करोड़ों रुपयों का बिजली बिल बकाया है। विद्युत विभाग के अधिकारी कनेक्शन काटने के मूड में हैं। वहीं, संबंधित विभाग बजट आते ही बकाया जमा करने की बात कह रहे हैं।
विद्युत वितरण खंड सेकेंड के एक्सईएन छैलबिहारी ने जो सूची तैयार कराई है, उसके मुताबिक उनके क्षेत्र के नौ थानों पर 21 लाख 47 हजार रुपये का बिल बकाया है। बारह पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास पर भी लगभग इतना ही बकाया है। इनमें थाना बिल्सी, चेकपोस्ट बिल्सी, दातागंज कोतवाली, वजीरगंज, अलापुर, उसहैत, बिनावर, कुंवरगांव थाने शामिल हैं। थानों में मौजूद अधिकारियों के आवास पर अलग से बिल पेंडिंग है। इसी तरह 17 सरकारी अस्पतालों और 15 सरकारी आवासों पर बिल बकाया है। इन पर एक करोड़ 61 लाख 86 हजार से ज्यादा का बिल बकाया है। इनमें पीएचसी सैदपुर, म्याऊ, अलापुर, जगत, वजीरगंज, दातागंज, चितरी, घटपुरी, रोटा, मलगांव, कुंवरगांव, गोठा, दातागंज और बिल्सी शामिल हैं। एक्सईएन ने बताया कि इन विभागों के बकाया की लिस्ट बनवाकर विभागों को बकाया का रिमाइंडर भेजा जा रहा है। रकम जमा नहीं हुई तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई हो सकती है।