दबतोरी (बदायूं)। बरेली-अलीगढ़ लाइन पर गुरुवार सुबह कीमैन ने करेंगी-दबतोरी के बीच पटरी चटकी देखकर मुरादाबाद कंट्रोल रूम को खबर दी। कीमैन की सूचना के बाद दबतोरी स्टेशन से रवाना हो चुकी दिल्ली-बरेली पैंसेजर, ऊना हिमाचल एक्सप्रेस सहित पंजाब रूट की दो मालगाड़ियों को रोक दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने दो घंटे में अस्थायी मरम्मत के बाद ट्रैक को 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार बाध्यता के साथ दोबारा शुरू कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे दिल्ली-बरेली पैंसेजर ट्रेन संख्या 54078 दबतोरी स्टेशन पर पहुंची। कुछ देर रुकने के बाद यह बरेली के लिए रवाना हुई थी। कीमैन रामेश्वर लाल मीणा ने पटरी जांच के दौरान करेंगी स्टेशन के यार्ड के पास पटरी टूटी देखी। उन्होंने दबतोरी स्टेशन मास्टर राजेश कुमार को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने वायरलेस करके लोको पायलट को पटरी के क्षतिग्रस्त होने की खबर देकर करेंगी स्टेशन और यार्ड के बीच सिग्नल पर ट्रेन को रोक दिया। बाद में मुरादाबाद स्थित रेलवे कंट्रोल से इंजीनियरों की टीम यहां पहुंची, करीब दो घंटे की मरम्मत के बाद पटरी को ठीक किया गया। तब तक यहां से निकलने वालीं ट्रेनों को दूसरी पटरी से गुजारा गया।
-------------
पटरी की रोजाना ही चेकिंग होती है। यह पटरी ठंड की वजह से चटक गई होगी। फिर भी जांच हो रही है। समय रहते पटरी के क्षतिग्रस्त होने की खबर नहीं मिलती तो हादसा हो सकता था।
-राजेश कुमार, स्टेशन मास्टर, दबतोरी