बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बदायूं से उसावां के बीच सात मीटर चौड़ी सड़क को अब दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसके तहत बिजली निगम के 700 खंभे सड़क के बीच में आ रहे हैं। इसको हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से बिजली निगम को आठ करोड़ रुपये दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नरेश कुमार ने बताया कि हाईवे पर बदायूं से उसावां तक 34 किलोमीटर में 700 खंभे चौड़ीकरण में बाधक बन रहे थे। उनको हटवाने के लिए बिजली विभाग को धनराशि दे दी है। इसके तहत काम कराया जा रहा है। जल्द ही सभी खंभे हटा दिए जाएंगे। संवाद