बदायूं। दीपावली से पहले धनतेरस पर बाइक खरीदने के लिए ग्राहकों में उत्साह बढ़ रहा है। अब तक ग्राहकों ने 700 वाहनों की एडवांस में बुकिंग कर दी है, जिसकी डिलीवरी वह धनतेरस वाले दिन लेंगे।
शहर के प्रमुख बाइक शोरूमों पर शनिवार को ग्राहकों की काफी भीड़ देखी गई। शोरूम संचालकों के अनुसार, इस बार बाइकों की मांग पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है। नवरात्र के बाद से बुकिंग में तेजी आई है। विशेषकर युवा वर्ग में स्पोर्ट्स लुक और ज्यादा माइलेज देने वाली बाइकों की डिमांड ज्यादा है।
जिले की प्रमुख एजेंसियों पर अब तक 700 से ज्यादा बाइकों की बुकिंग हो चुकी है। जीएस हीरो एजेंसी के मैनेजर राजीव शर्मा ने बताया कि उनकी शहर वाली एजेंसी पर शनिवार शाम तक 380 बाइक और स्कूटर की बुकिंग हो चुकी है। धनतेरस ऑफर के तहत बुकिंग पर एक हजार रुपये की नकद छूट और निश्चित उपहार दिया जा रहा है।
वहीं एपीएस होंडा के संचालक अंशुल रस्तोगी ने बताया कि उनके यहां 178 बाइक-स्कूटर बुक हो चुके हैं। क्रेडिट कार्ड से बाइक खरीदने पर दस हजार का कैशबैक मिल रहा है। साथ ही अन्य निश्चित उपहार दिए जा रहे हैं। होंडा की एक्टिवा और शाइन मॉडल की सबसे ज्यादा मांग है।
बजाज आहूजा मोटर्स के संचालक सुरेंद्र आहूजा ने बताया कि उनके शोरूम पर 175 बाइकों की बुकिंग हुई है। टीवीएस राइडर, अपाचे और जुपिटर की डिमांड युवाओं में अधिक है। कंपनी की ओर से ग्राहकों को ऑफर दिए जा रहे हैं।
शुभ मुहूर्त में डिलीवरी की तैयारी
संचालकों ने बताया कि धनतेरस पर डिलीवरी के लिए विशेष तैयारी की गई है। शोरूमों को सजाया जा रहा है। ग्राहकों के स्वागत के लिए अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है। धनतेरस तक बुकिंग का आंकड़ा 1500 के पार पहुंचने की उम्मीद है।