उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम मुगर्रा में शनिवार को एक सांड़ ने खेत पर रखवाली करने पहुंचे किसान को पटक-पटककर मार डाला। सांड़ उस वक्त गेहूं की फसल उजाड़ रहा था और किसान उसे खेत से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सांड ने उस पर हमला बोल दिया।
करीब 30 वर्षीय रामलड़ैते उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम मुगर्रा निवासी था। उसने गांव से कुछ दूर अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी, जिसे रोजाना जंगली जानवर आकर उजाड़ रहे थे। रामलड़ैते शनिवार शाम करीब चार बजे अपनी फसल की रखवाली के लिए गया था। उस समय खेत में एक सांड़ फसल उजाड़ रहा था। रामलड़ैते जैसे ही उसे खेत से बाहर निकालने को आगे बढ़ा तभी सांड़ ने उस पर हमला बोल दिया। सांड़ ने किसान को अपने सींगों पर उठा लिया और पटक दिया। किसान की चीखपुकार सुनकर गांव के कुछ लोग आ गए लेकिन डर से उनकी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई। गांव से अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर आए तो सांड़ को खेत से भगाया गया लेकिन तब तक रामलड़ैते गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिवार वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को किसान के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। रविवार दोपहर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रामलड़ैते दो भाइयों में छोटा था। उसके दो बेटे और पांच बेटियां हैं। पत्नी प्रवेशा का रो-रोकर बुरा हाल है।