31 जुलाई तक होंगे इग्नू पाठ्यक्रमों में प्रवेश
ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रवेश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। शहर के राजकीय महाविद्यालय स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने प्रवेश की अंतिम तिथि तय कर दी है। अब इग्नू के पाठ्यक्रमों में 31 जुलाई तक ही प्रवेश लिए जाएंगे। प्रवेश ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों तरीके से लिए जा रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के कोऑर्डिनेटर डॉ. संजीव राठौर ने बताया है कि अब इग्नू के पाठ्यक्रमों में 31 जुलाई तक ही प्रवेश लिए जाएंगे। स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से किए जा रहे हैं। ऑनलाइन प्रवेश के लिए इग्नू की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट इग्नू डॉट एसी डॉट इन पर लॉगिन कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रवेश की आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई कर दी गई है। वहीं ऑफलाइन प्रवेश हेतु इग्नू की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर आवेदन किया जा सकता है। प्रवेश फॉर्म राजकीय महाविद्यालय स्थित अध्ययन केंद्र से नि:शुल्क लिया जा सकता है। बीए, बीकॉम, पीजीडीआरडी, पीजीडीईटी आदि पाठ्यक्रमों में भी ऑनलाइन प्रवेश जारी हैं। एक स्नातक या परास्नातक डिग्री के साथ इग्नू का कोई एक डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी किया जा सकता है। शिक्षा से वंचित व्यक्ति इग्नू के माध्यम से शिक्षा ग्रहण करने का लक्ष्य इग्नू द्वारा चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों से पूरा कर सकते हैं।