बदायूं। दिनों दिन गहराता जा रहा कोहरा अब जानलेवा साबित हो रहा है। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की भिड़ंत की घटनाएं बढ़ गई हैं। सोमवार को भी दो जगह सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए।
उझानी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी प्रमोद (30) घर से बाइक लेकर सोमवार सुबह निकला था। वह ननिहाल गुधनी जा रहा है। बिल्सी से नरैनी के बीच गुधनी पहुंचने से पहले उसकी बाइक को रौंदकर ट्रक निकल गया। इससे प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एंबुलेंस उसे लेकर जिला अस्पताल आई। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलने पर परिवार और गांव के सैकड़ों लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने बताया कि प्रमोद के नाम कोई जमीन नहीं है। वह मजदूरी करता था। उसकी शादी डेढ़ साल पहले कामिनी से हुई थी। फिलहाल उसकी डेढ़ महीने की एक बच्ची है।
वजीरगंज। घने कोहरे में सोमवार को एमएफ हाईवे पर ग्राम रोटा के पास एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सामने से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठे एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। सोमवार की सुबह लगभग छह बजे घने कोहरे में हाईवे पर गांव रोटा में बदायूं की ओर से आ रहे ट्रक ने सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठे रोटा गांव निवासी शिवकुमार (15) निवासी ग्राम रोटा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्रेक्टर चालक मनोज (32), शब्बीर (52), जीराज (56) तथा रवि चौहान (21) घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए बदायूं भेजा। जहां से रवि की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बरेली रैफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताते हैं कि यह सभी लोग ट्रॉली में अपने टमाटर भरकर बेचने बदायूं मंडी जा रहे थे।ग्राम रोटा मार्ग से हाईवे पर मुड़ते ही घटना हो गई।
उसावां। हरिद्वार से कानपुर जा रहा ट्रक घने कोहरे के कारण गांव बुधुआनगला के पास मोड़ पर सड़क से नीचे खाई में उतर गया, इससे आवागमन बाधित हो गया। एसआई लक्ष्मण चंद ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को साइड से हटाकर आवागमन सुचारू कराया। सोमवार सुबह नौ बजे करीब एक ट्रक हरिद्वार से कानपुर जा रहा था। इसमें केबल के बंडल भरे थे। थाना क्षेत्र के गांव बुधुआ नगला के पास मोड़ पर मुरादाबाद-फरुर्खाबाद हाईवे पर घने कोहरे के कारण ट्रक चालक सड़क नहीं देख पाया और बाजरे के पूलों के ढेर से होते हुए सड़क किनारे खाई में उतर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया, ट्रक चालक प्रमोद ने बताया की वह केबल लेकर हरिद्वार से कानपुर जा रहा था।