बिल्सी। आवास आयुक्त और जिले के नोडल अधिकारी धीरज साहू ने सोमवार को बिल्सी में दो घंटे रहकर तहसील और सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चकबंदी दफ्तर से सीओ और एसीओ गायब थे। उन्होंने ने तुरंत ही वेतन काटने का निर्देश सीओ को दिए।
आवास आयुक्त सुबह करीब साढ़े नौ बजे बिल्सी तहसील जा धमके। सबसे पहले उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय देखा। जहां उन्होंने तहसीलदार अवनीश कुमार त्यागी से बातचीत की और खासरा-खतौनी का रिकार्ड देखा। मतदाता पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण भी किया।
इसके बाद आवास आयुक्त चकबंदी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्हें सीओ और सभी नौ एसीओ दफ्तर से नदारद मिले। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और दफ्तर से गायब अधिकारी और कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश सीडीओ को दिए। इसके बाद उन्होंने संग्रह कार्यालय, विद्युत एवं व्यापार, नायब नाजिर कार्यालय और सीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवास आयुक्त को सरकारी दफ्तरों के शौचालय में ताले लटके मिले, जिस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे आवास आयुक्त सिरासौल रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले ओपीडी के संबंध में डॉ. पवन कुमार से जानकारी ली। औषधि वितरण कक्ष देखा, जहां दवाओं के रख रखाव और उपलब्धता के बारे में जानकारी की। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, लेबर रूम, प्रयोगशाला, नेत्र परीक्षण कक्ष और एक्स-रे रूम भी देखा। एक्स-रे मशीन देखकर आवास आयुक्त ने सीडीओ को इसकी जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ शेषमणि पांडेय, एडीएम एफआर महेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा, एसडीएम हरीशंकर लाल शुक्ला, बिसौली के एसडीएम मोहम्मद अवेश, तहसीलदार अवनीश कुमार, डॉ. देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।