-शासन के आदेश पर अलर्ट हुआ पशु चिकित्सा विभाग
जिले में बर्ड फ्लू को लेकर पशु चिकित्सा विभाग अलर्ट हो गया है। अलग-अलग स्थानों से 60 सैंपल जांच के लिए आरवीआरआई बरेली को भेजे गए हैं। हालांकि पशु चिकित्सा विभाग के अफसरों का कहना है कि जिले में बर्ड फ्लू का कोई भी मामला नहीं मिला है। शासन से आए आदेश पर सैंपल जांच को भिजवाए गए हैं। पिछले साल लगभग 911 सैंपल जांच को भेजे गए थे लेकिन बर्ड फ्लू की पुष्टि एक भी मामले में नहीं हो पाई थी।
जिला पशु चिकित्साधिकारी एके जादौन का कहना है कि बर्ड फ्लू को लेकर जिले के मुर्गी पालकों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जिले में मुर्गी पालने वालों से कोई भी संदिग्ध मामला मिलने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है। यह भी हिदायत दी गई है कि मुर्गी बाड़ों में नियमित साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू गंभीर बीमार होती है। इसके लक्षणों में मुर्गे के पैर लड़खड़ाने लगते हैं और मुर्गी का अंडा कमजोर हो जाता है। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू से पीड़ित पक्षियों को मारकर दफनाने का प्रावधान है। गर्मी के दिनों में बर्ड फ्लू की आशंका बढ़ जाती है। इसके चलते ही अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बर्ड फ्लू की आशंका से पर्याप्त तैयारी के लिए 28 अप्रैल को प्रभारी जिलाधिकारी अच्छेलाल सिंह यादव ने पशु चिकित्सा विभाग और अन्य अधिकारियों की बैठक शासन के निर्देश पर बुलाई है।