किसान दिवस में आईं छह शिकायत, एक भी निस्तारित नहीं
विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में छह शिकायतें आईं लेकिन इसमें डीएम और सीडीओ के न होने से एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। गुलड़िया स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना तुलवाने में परेशानी होने की शिकायत राकेश कुमार, रामपाल, उमेश सिंह, रजनेश, अशोक पटेल, जुगेंद्र सिंह, रवेंद्र वर्मा, राजपाल आदि किसानों ने की। उन्होंने कहा कि बेला रायपुर, पड़ौलिया, गोमिंद नगला, तजपुरा, कसरुआ, ललबुझिया, अंतीनगला आदि गांवों के लिए एक अलग गन्ना क्रय केंद्र बनवाने की मांग की है लेकिन किसान दिवस में उनको कोई आश्वासन नहीं मिल सका। इसी तरह कृषि विभाग के अनुदान पर लगवाए गए सोलर पंप खराब होने की शिकायत लेकर कई किसान पहुंचे। आसफपुर ब्लॉक के गांव महोरा और संडोला के प्रेमशंकर ने कहा कि उनका सोलर पंप खराब है। इसकी शिकायत कर चुके हैं, फिर भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
डीडी कृषि और जिला कृषि अधिकारी भी किसान दिवस में मौजूद नहीं रहे। किसान दिवस में गन्ना क्रय केंद्र की चार और सोलर पंप खराब होने की दो शिकायतें सामने आईं। इन किसानों ने मौजूद अधिकारियों से अपनी बात कही लेकिन उन्होंने उच्चाधिकारियों तक उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन ही दिया।