नरौरा बैराज से गंगा में वाटर डिस्चार्ज कम किए जाने के साथ कटान और तेज हो गया है। सोमवार को गंगा में रविवार के मुकाबले 20042 क्यूसेक कम पानी छोड़ा गया। रविवार को गंगा में 77679 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जबकि सोमवार को वाटर डिस्चार्ज 57637 क्यूसेक रहा। गंगा में नरौरा से वाटर डिस्चार्ज की स्थिति पर गौर करें तो एक सप्ताह में सबसे ज्यादा 94333 क्यूसेक पानी 29 जुलाई को छोड़ा गया था। इससे पहले 28 जुलाई को भी गंगा में नरौरा बैराज से 77679 क्यूसेक वाटर डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद गंगा में उफान आया था। सहसवान, कादरचौक, उसावां, उसहैत और कछला के कई इलाकों में गंगा ने कटान तेज कर दिया था। गौर करने वाली बात यह है कि गंगा और रामगंगा से जिले में करीब 250 गांव हर साल प्रभावित होते हैं। कुल 40 बाढ़ चौकियों में सबसे ज्यादा 17 चौकियां सहसवान क्षेत्र में हैं। गंगा में सोमवार को नरौरा बैराज से वाटर डिस्चार्ज कम किए जाने के बाद तटवर्ती गांवों में कटान तेज हो गया है। बाढ़ खंड पहले से अलर्ट पर है। बांधों की मरम्मत का काम भी पूरा हो चुका है। सोमवार को गंगा का मीटर गेज 162.45 दर्ज किया गया है। बाढ़ खंड के मुताबिक हालात पूरी तरह से सामान्य हैं। बाढ़ की फिलहाल जिले में बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है।