बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्थापना के छह साल बाद भी विशेषज्ञ डाक्टरों के 55 पद खाली हैं। गंभीर मरीज देख कर रेफर किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री के मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरोंं की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश से यहां पदों पर नियुक्ति की उम्मीद जगी है।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शासन स्तर पर समीक्षा करके सोमवार को कहा कि तीन चार माह में पीजीआई से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक डाॅक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए। इसमें विभिन्न कॉलेजों में पढ़ाई पूरी कर चुके डॉक्टरों को मौका मिलेगा। इससे बदायूं के मेडिकल कालेज को भी विशेषज्ञ डाक्टर मिलने की उम्मीद जगी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति ने बताया कि 55 विशेषज्ञों की आवश्यकता है। अगर डॉक्टर मिल जाते हैं तो मरीजों को विशेष परिस्थिति में ही रेफर करना पड़ेगा। शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि डाक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जल्दी पूरी होगी।