बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बरोलिया में एक मासूम को आवारा कुत्ते ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी गोविंद राम का तीन वर्षीय पुत्र रुद्र गुुरुवार की सुबह घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। मासूम की चीख पुकार पर घर के लोग बाहर आए, लेकिन तब तक कुत्ते ने उसके एक गाल पर काट लिया था। बालक को खून से लथपथ देखकर परिजन घबरा गए और आनन-फानन में घायल मासूम को लेकर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उसे एंटी रैबीज वैक्सीन लगाकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गांव के लोगों के लोगों कहना है कि विगत एक वर्ष में गांव में आवारा कुत्तों की संख्या काफी बढ़ गई है, जो आए दिन बच्चों को काटकर घायल करते रहते है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र इन आवारा कुत्तों को पकड़वाए जाने की मांग की है।