बदायूं। जिले में नियम विरुद्घ तरीके से खोले गए जनसेवा केंद्रों पर फिर से शिकंजा कसा जाने लगा है। गलत तरीके से जनसेवा केंद्रों को खोले जाने की शिकायत मिलने पर डीएम ने बिसौली एसडीएम को जांच के लिए आदेश दिए थे। एसडीएम ने जांच में पाया कि गांव में दूसरा जनसेवा केंद्र नियम विरूद्घ तरीके से खोला है। ऐसे में उन्होंने निरस्त करने की संस्तुति की है।
शिकायतकर्ता सचिन कुमार ने डीएम को ज्ञापन दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिसौली के गांव खुर्रमपुर भमोरी में वयमटेक के दो जनसेवा केंद्र संचालित हैं, जबकि नियमानुसार एक गांव में सिर्फ एक ही केंद्र संचालित हो सकता है। इस पर डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बिसौली एसडीएम को इसकी जांच सौंपी। एसडीएम बिसौली किशोर गुप्ता ने जांच में पाया कि गांव खुर्रमपुर भमोरी में दूसरा जनसेवा केंद्र सुमित कुमार के नाम से संचालित है। उस केंद्र पर कोई बोर्ड या शुल्क संबंधित कोई सूची नहीं लगी है, जबकि यहां पर पहले से ही सचिन कुमार के नाम से केंद्र संचालित है। गांव की आबादी पांच हजार से कम है, ऐसी स्थिति में वहां पर दूसरा केंद्र आवंटित नहीं किया जा सकता है। एसडीएम ने बताया कि कि जो दूसरा जनसेवा केंद्र खोला गया है, वहां पर निर्धारित शुल्क 20 रुपये के स्थान पर संचालक द्वारा सौ रुपये प्रमाण पत्र बनवाने के वसूल किए जा रहे हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए जनसेवा केंद्र को निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है।