उझानी (बदायूं)। पालिका सदस्य रामप्रवेश यादव की भतीजी नीलम की बरात सोमवार शाम को बिल्सी क्षेत्र के गांव वैन से यहां पहुंची। शाम से लेकर मंगलवार तड़के तक अजय और नीलम ने वैवाहिक रस्मों में हिस्सा लिया। बेसिक शिक्षा विभाग के जूनियर हाईस्कूल में अनुदेशक नीलम परास्नातक है। उसके पिता रामनाथ यादव का करीब 12 साल पहले निधन हो चुका है। सुबह विदाई का समय आया तो नीलम ने पति समेत अपने परिजनों के सामने मतदान करने की इच्छा प्रकट की। इसके बाद वह पति अजय के साथ पालिका कैंपस स्थित बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंची। बूथ से बाहर निकलते समय उसने बताया कि उसे दोहरी खुशी है। एक तो उसे ऐसा पति मिला है जो उसकी इच्छा में सहभागी बना दूसरा यह कि मताधिकार का प्रयोग कर उसने अपने मौलिक अधिकार को तरजीह दी।