बदायूं। विश्वविद्यालय स्तरीय परीक्षाओं का सोमवार को आगाज हो गया। पहले दिन बीकॉम की परीक्षाएं हुई। इसमें कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया। वहीं परीक्षार्थियों की गहन तलाशी लेने के बाद में उन्हें कक्षों में जाने दिया गया।
यूपी बोर्ड की तर्ज पर विश्वविद्यालयीय परीक्षाओं को भी सीसीटीवी के निगरानी में कराया जा रहा है। इस बार सभी महाविद्यालयों में कैमरे के साथ में वॉयस रिकॉर्डर भी लगाए गए हैं। परीक्षा के पहले दिन परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। उसके बाद में ही परीक्षार्थियों को कक्षों में प्रवेश करने दिया गया। इस बार विश्वविद्यालय ने प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र पर 12 अंकों को रोल नंबर दिया है, जबकि पहले 10 अंकों के रोल नंबर आते थे। नए परीक्षार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने नई उत्तर पुस्तिकाओं को भेजा है। पहले दिन दास डिग्री कॉलेज में पिछले वर्ष की रखी हुई उत्तर पुस्तिकाओं को बांटने का मामला भी प्रकाश में आया। हालांकि कॉलेज प्रशासन ऐसी किसी भी बात से मना कर रहा है। कॉलेज प्रशासन का कहना है नए परीक्षार्थियों को नई उत्तर पुस्तिकाएं ही दी गई है। पहले दिन सभी महाविद्यालयों में शांतिपूर्वक परीक्षा हुई।