उझानी (बदायूं)। मौसम का मिजाज सरसों उत्पादकों को अभी भी परेशानी में डाले हुए है। गुरुवार को दिन में बारिश हुई फिर शाम को ओलों की हल्की बौछार ने सरसों को फसल को फिर से मुसीबत में डाल दिया। ओले रात में भी पड़े।
बूंदाबादी का सिलसिला शुक्रवार को भी बरकरार रहा। बूंदाबांदी हालांकि कुछ इलाकों में ही हुई लेकिन शाम को तेज हवा ने जोर पकड़ लिया। गुरुवार शाम को तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान कछला और कटरी के इलाके में ओलों की हल्की बौछार भी पड़ी। मुजरिया क्षेत्र में भी ओले पड़ने की सूचना है। शुक्रवार रात में करीब एक बजे फिर से ओलों की बौछार पड़ी। बता दें कि दो दिन पहले भी बारिश ने सरसों को काफी नुकसान पहुंचाया था। ओलों की बौछार हल्की थी, सो नुकसान ज्यादा नहीं हुआ है। किसानों में महावीर सिंह ने बताया कि मौसम बार-बार किसानों की परेशानी बढ़ा रहा है। सर्द हवाओं में भी सरसों उत्पादकों को हलक सूखने लगा है। आलू को फिलहाल कोई खास नुकसान नहीं हुआ है लेकिन बार-बार बारिश होने से आलू में नुकसान की आशंका को नकारा नहीं जा सकता।