बदायूं। सांसद धर्मेंद्र यादव सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। ग्राम मूसाझाग में जिला सचिव बलवीर सिंह यादव द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश व प्रदेश का किसान, छात्र, नौजवान, व्यापारी, दलित, अल्पसंख्यक, पिछड़े समाज का हर वर्ग केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार से बुरी तरह त्रस्त है। गन्ना व आलू का किसान पिछले भुगतान के अभाव में भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है तथा आत्महत्या करने को मजबूर है। भाजपा ने झूठे वादे कर केन्द्र में सरकार तो बना ली है परन्तु चुनाव से पूर्व किए गए वादों में से कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के गठबंधन से भाजपा व उनके नेता बुरी तरह से बौखला गए हैं तथा अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। सम्मेलन का संचालन गुलफाम सिंह यादव तथा भानुप्रकाश ने किया। इससे पूर्व सांसद के आवास पर बिनावर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मोदप्रकाश पाल ने कांग्रेस छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण की। सपा नेता यासीन अहमद गद्दी को समाजवादी अल्पसंख्यक सभा का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, अवनीश यादव, कैप्टन अर्जुन, देवेन्द्र यादव, ओमवीर सिंह, देवेन्द्र शाक्य, अहमद परवेज, कालीचरन, सलीम अहमद, प्रभात अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
सांसद और जिलाध्यक्ष को पहनाई 51 किलो की माला
- सपा जिला सचिव सलीम अहमद के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में सांसद धर्मेंद्र यादव व जिलाध्यक्ष आशीष यादव का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया। सांसद व जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा हमेशा विकास की बात करती है और हम सभी को केंद्र से भाजपा की सरकार को बेदखल करना है। जिला सचिव ने लोगों से अपील की कि वे धर्मेंद्र यादव को वोट देकर लोकसभा में भेजने का कार्य करें। इस मौके पर आरिफ फरीदी, फैसल अंसारी, जाबिर खां, शहंशाह मियां, अयूब खां, शारिक सिद्दीकी, गौहर खान आदि मौजूद रहे।