जिले में 31963 लाभार्थियों
को मिला फ्री विद्युत कनेक्शन
चोरी से बिजली जलवाने वाले लाइनमैनों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सौभाग्य योजना के तहत जिले में अब तक 31963 नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। शेष बचे सभी गांवों की जेई सूची तैयार करके ग्राम प्रधानों के सहयोग से हर घर में बिजली कनेक्शन कराएं। कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम के साथ शहर विधायक महेशचंद्र गुप्ता ने उक्त निर्देश दिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्युतीकरण का कार्य सभी गांवों में होना है। विद्युत बिल, उपकेंद्र के अलावा लोकवाणी, जनसेवा केंद्र और अन्य माध्यम से जमा किया जा सकता है। जल्द ही जिले के 18 गांव सोलर प्लांटों से विद्युतीकृत किए जाएंगे। डीएम ने कहा कि जेई यह सुनिश्चित करें कि जिन गांवों में पदयात्रा निकले उस समय गांव में मौजूद रहें।
डीएम ने कहा कि जेई ग्रामवार तैयार रजिस्टर करें। जिन गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है ऐसे गांवों में जल्द लाइन पहुंचाकर लोगों को शत प्रतिशत कनेक्शन दें। जेई गांव में जाकर ग्रामीणों से चर्चा करें कि महीने में लगभग 250-300 रुपये का मिट्टी का तेल और केरोसिन, ढिबरी आदि में खर्च हो जाता है। जबकि लगभग सवा दो सौ रुपये बिजली का देकर महीने भर में 3-4 एलईडी लाइट, पंखा, टेलीविजन भी चलाया जा सकता है। डीएम ने कहा कि कुछ लाइनमैन की वजह से पूरे विभाग की बदनामी होती है। ऐसे लाइनमैन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। गांव में अक्सर देखा जाता है कि घर में बल्ब, होल्डर और केबल है, लेकिन विद्युत कनेक्शन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर तक समस्त गांवों में शत प्रतिशत विद्युतीकरण कराना सुनिश्चित करें।