बेकाबू कार की चपेट में
आकर युवक की मौत
इस्लामनगर-सहसवान रोड पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर पिनौनी। इस्लामनगर-सहसवान रोड पर बेकाबू कार ने एक बाइक को रौंद दिया। इसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार पलट गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के शकतपुर गांव निवासी देवनंदन के बेटे कुबेर की शुक्रवार को लगुन आना तय थी। घर में हलवाई काम कर रहे थे, जिन्हें दूध की जरूरत पड़ी। देवनंदन का दूसरा बेटा 20 वर्षीय राकेश सुबह करीब दस बजे गांव के कुछ दूर शकतपुर चौराहे पर दूध लेने गया। उसके साथ उघैती थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी रिश्तेदार रोहताश पुत्र जयवीर भी था। चौराहे पर दोनों बाइक पर बैठे दूध की गाड़ी के आने का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान उधर से गुजरी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से रोहताश पुत्र जयवीर की मौके पर मौत हो गई। जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद कार बेकाबू हाकर रोड से नीचे खाई में जाकर पलट गई। सूचना मिलने पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायल राकेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। परिजन गंभीर हालत देखकर घायल को चंदौसी प्राइवेट अस्पताल ले गए। उधर, पुलिस ने रोहताश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। कार में बैठी तीन महिलाओं को हल्की चोटें आईं हैं, जो अपने घर चली गईं। कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
00000000
सड़क हादसे में घायल महिला ने बरेली में दम तोड़ा
फैजगंज बेहटा (बदायूं)। चार दिन पहले सड़क हादसे में घायल हुई महिला ने बरेली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार वालों के मुताबिक चार दिन पहले वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम टिकुरी निवासी लोकमन अपनी पत्नी कांती देवी के साथ चंदौसी क्षेत्र के ग्राम आरा एक शादी समारोह में जा रहे थे। उसी समय एमएफ हाईवे पर ग्राम गनगोली के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में कांती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिवार वाले उन्हें बरेली ले गए थे। जहां गुरुवार देर रात महिला की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।