दोनों पालियों में नहीं पकड़ा गया कोई नकलची
बदायूं। नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त है। जिले में सचल दल लगातार छापामार कार्रवाई कर रहा है। सुबह की पाली में डीआईओएस को शहर के केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के संगीत विषय की परीक्षा के दौरान उसी विषय की शिक्षिका तैनात मिली। जिसपर उन्होंने उसे वहां से हटाकर दूसरी कक्ष निरीक्षक की तैनाती कर दी। दोनों पालियों में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
शनिवार को डीआईओएस मुन्ने अली ने शहर के जीजीआईसी, नगर पालिका इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज और केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज में सिटिंग प्लान में कमी पाई। उन्होंने तुरंत इसे ठीक कराया। वहीं केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान पाया कि जो शिक्षिका कक्ष निरीक्षक बनी थी। उसके पास में संगीत विषय रहा था। उन्होंने कक्ष निरीक्षक को वहां से हटा दिया। साथ ही कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी दी। शनिवार को पहली पाली में इंटरमीडिएट के गृहविज्ञान विषय में 4010 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 3632 ने परीक्षा दी, 378 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट कृषि में 453 में से 414 ने परीक्षा दी। हाईस्कूल के संगीत विषय में 142 में से 138 ने पेपर दिया।
छात्र-छात्राओं की अलग-अलग बनाकर देनी होगी सारणी
संकलन केंद्र प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने निर्देश दिए हैं कि पहली पाली के दौरान उत्तरपुस्तिका दोपहर एक बजे तक व दूसरी पाली की सूचना अगली दिन सुबह नौ बजे तक संकलन केंद्र तक पहुंच जानी चाहिए। साथ ही कॉलेज प्रबंधक को अब परीक्षा में पंजीकृत, उपस्थित व अनुपस्थित हर वर्ग के छात्र-छात्राओं की संख्या अलग-अलग भरकर देनी होगी।