सहसवान। निकाय चुनाव की मतगणना के लिए मंडी समिति में सुबह से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन शुरू हो गया था। अध्यक्ष पद की मतगणना के लिए 13 टेबलों पर मतपेटिकाओं से प्रथम राउंड खुलना शुरू हुआ। वहीं दूसरी तरफ 13 टेबलों पर सभासद पदों के लिए मतगणना शुरू हुई। जैसे-जैसे मत खुलते गए वैसे-वैसे हार-जीत के परिणाम सामने आने लगे। दोपहर बाद से अध्यक्ष और सभासदों के परिणाम आने की सूचना शुरू होते ही मंडी समिति के बाहर अध्यक्ष और सभासद पद प्रत्याशियों के समर्थक एकत्र होना शुरू हो गए। जैसे-जैसे सदस्य चुनाव जीतकर निलते गए उनके समर्थक उनके साथ जश्न मनाते हुए रवाना होने लगे। मगर अध्यक्ष पद के सभी प्रत्याशियों के समर्थक दोपहर बाद तक अपना दिल थामे अंतिम परिणाम आने का इंतजार करते रहे। लेकिन जैसे-जैसे नतीजे सामने आते गए तब जीत की उम्मीद छोड़ने वाले समर्थक चले गए लेकिन जीत में शामिल मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां के समर्थक देर शाम तक मंडी समिति के बाहर टिके रहे। देर शाम बाबर मियां की जीत की घोषणा के बाद सीडीओ शेषमणि पांडेय ने उन्हें प्रमाण पत्र दिया। उसके बाद प्रोटोकाल में उन्हें उनके आवास तक ले जाया गया। बाबर की जीत के बाद उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।