बदायूं।
धनतेरस की पूर्व संध्या से ही बाजार में ग्राहकों की लगने वाली भीड़ को देखते हुए रविवार रात से ही बाजारों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। उच्चकों पर नजर रखने के लिए प्रत्येक चौराहे पर सादा और वर्दी में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण और बर्तनों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों की बाजार में भीड़ होती है। लुटेरे भी वारदात को अंजाम देने के लिए सक्रिय होते हैं। ऐसे में त्योहार शुरू होने से पहले ही एसएसपी ने मीटिंग कर सभी सीओ और थानेदारों को अपने-अपने इलाकों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए थे। धनतेरस के चलते बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित होने के साथ ही हर चौराहे पर सिपाहियों के साथ महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सर्राफ और बर्तन के बड़े व्यापारियों की दुकानों के आसपास सादा वर्दी में पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। शहर के बड़ा बाजार, सर्राफ बाजार में थाना पुलिस के अतिरिक्त भी फोर्स लगाया गया है।