एनएम जैन इंटर कॉलेज, बिल्सी का भी रहा शानदार प्रदर्शन
62वीं जनपदीय युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता का दूसरा दिन
स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज का जलवा कायम रहा। प्रतिद्वंदियों को पछाड़कर खिलाड़ी बढ़त बनाने में कामयाब रहे। वहीं एनएम जैन इंटर कॉलेज, बिल्सी के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा।
बृहस्पतिवार को विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें सीनियर बालक वर्ग की 800 व 1500 मीटर दौड़ में एनएम जैन इंटर कॉलेज बिल्सी के श्यामपाल ने बाजी मारी। जबकि 5000 मीटर में एसके इंटर कॉलेज के निहाल सिंह आगे रहे। इसी प्रकार जूनियर वर्ग की 1500, 3000 मीटर में त्रिवेणी सहाय इंटर कॉलेज आसफपुर के महेंद्र पाल मौर्य ने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ा। सीनियर बालिका वर्ग की 800, 1500, 5000 मीटर दौड़ में भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज उझानी की यशोदा का जलवा कायम रहा। जूनियर बालिका वर्ग की 1500, 3000 मीटर दौड़ में छाया अव्वल रहीं। इसके अलावा सीनियर बालक व बालिका वर्ग की लंबी कूद में एनएमजैन इंटर कॉलेज बिल्सी के मोनू यादव और केदारनाथ कॉलेज की सुषमा पांडेय, ऊंची कूद में त्रिवेनी सहाय आसफपुर के प्रमोद कुमार यादव तथा राजाराम महिला कॉलेज की चित्रा मेहता आगे रहीं। गोला फेंक में आदर्श शिक्षा निकेतन उझानी के शरीफ और महेश बाल विद्या मंदिर बिल्सी की शालू प्रथम रहीं। चक्का फेंक में महेश बाल विद्या मंदिर बिल्सी की शालू कुमारी विजयी रहीं। जूनियर बालक व बालिका वर्ग की लंबी कूद में एसके कॉलेज के आकाश तथा पार्वती आर्य कन्या कॉलेज की प्रयांशी प्रथम रहीं। ऊंची कूद में एनएम जैन बिल्सी के सोहिल, केदारनाथ कॉलेज की हीरा बी ने आगे स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में एसके कॉलेज के कमल किशोर प्रथम रहे। सब जूनियर वर्ग की लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक में महेश बाल विद्या के अंकुर, शिवम चौहान और केदारनाथ कॉलेज की शुबाना, सितारा जीती।
इससे पूर्व खेल का शुभारंभ रैली संयोजक एनए इंटर कॉलेज, बिल्सी के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. अमलेश गुप्ता, चंद्रपाल सिंह, आलोक पाठक, नन्हे लाल वर्मा, योगेंद्र दीक्षित, राजन मेहंदीरत्ता आदि मौजूद रहे। संचालन सुभाष चंद्र मिनोचा, रमेश सिंह ने किया।