अभ्यास परेड में शामिल रिक्रूट आरक्षी से परिचय प्राप्त करती एसएसपी। स्रोत- पुलिस
बदायूं। 498 नए आरक्षियों के पुलिस बल में शामिल होने से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इन नवप्रशिक्षित जवानों की दीक्षांत परेड 26 अप्रैल को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित की जाएगी। इस भव्य समारोह में डीआईजी बरेली अजय साहनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को पूर्वाभ्यास किया गया।
पूर्वाभ्यास में प्रशिक्षु आरक्षियों ने अपने उत्कृष्ट प्रशिक्षण और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुख्य कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को देश की सेवा, कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और भारतीय संविधान के प्रति अटूट आस्था की शपथ दिलाई गई। यह शपथ उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक बनी।