बिजली विभाग की गलती का खामियाजा आधे शहर के लोगों को 48 घंटे तक भुगतना होगा। बिजली की अंडर ग्राउंड लाइन डालने के लिए जमीन में ड्रिल करते वक्त शहर के दो बड़े नलकूपों की मेन पाइप लाइन सात स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे शहर के आधे इलाके में वाटर सप्लाई ठप हो गई है। नगर पालिका का जलकल विभाग लाइनों को दुरुस्त करने में जुटा है।
बिजली विभाग की कंस्ट्रक्शन डिवीजन शहर में रोडवेज से कलक्ट्रेट चौराहे तक अंडर ग्राउंड विद्युत लाइन डलवा रहा है। गुरुवार की रात वन विभाग तिराहे से रोडवेज तक भूमिगत ड्रिल करते वक्त नगर पालिका के जिला अस्पताल और जीजीआईसी स्थित नलकूपों की मेन पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। पाइप लाइनें सात जगहों पर क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे आधे शहर की वाटर सप्लाई ठप हो गई। वाटर वर्क्स के ओवर हेडटैंक भी नहीं भरे जा सके। शुक्रवार सुबह से ही आधे शहर की वाटर सप्लाई ठप रही। इस बारे में नगर पालिका को पता लगा तो टीमें बनाकर काम शुरू कर दिया गया। शनिवार को भी पाइप लाइनों की मरम्मत का काम चलेगा। इस दौरान वाटर वर्क्स से जुड़े इलाकों में वाटर सप्लाई नहीं होगी।
बिजली विभाग-नगर पालिका में खींचतान
बदायूं। दो नलकूपों की मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद बिजली विभाग और नगर पालिका में खींचतान मच गई है। बिजली विभाग का कहना है कि ड्रिल करते वक्त पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त नहीं हुई हैं। इधर नगर पालिका का दावा है कि खोदाई के समय पता लगा है कि जिन स्थानों से होकर बिजली विभाग की भूमिगत लाइन गुजरी है। उन्हीं स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
----
रोडवेज से कलक्ट्रेट तिराहे पर भूमिगत विद्युत विभाग लाइन डाल रहा है। नगर पालिका की पाइप लाइन ड्रिल करते वक्त क्षतिग्रस्त नहीं हुई हैं। फिर भी दिखवाया जा रहा है। नगर बिजली विभाग की गलती हुई है तो लाइनों की मरम्मत कराई जाएगी।-जेपीएम सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत कंट्रक्शन डिवीजन, बरेली
----
बिजली विभाग ने भूमिगत लाइन डालने से पहले जलकल विभाग को कोई सूचना नहीं दी थी। पाइप लाइनें बिजली विभाग की गलती से ही क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनकी मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही शहर में वाटर सप्लाई सुचारू हो जाएगी। अनूप मिश्रा, जलकल अभियंता नगर पालिका