कुंवरगांव। प्रधानी के वर्चस्व को लेकर 16 जून को दो वाहनों में हॉकी, लाठी डंडा और लोहे की रॉड रखकर थाने पहुंचने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस ने पूर्व प्रधान के दो वाहनों को घर से खिंचवाकर सीज कर दिया है। वहीं, दोनों गुटों के 45 लोग मुचलका पाबंद किए गए है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले उपनिरीक्षक का क्षेत्र बदल दिया गया है।
गांव बनेई के पूर्व प्रधान के बेटे साजिद अली व प्रधान पक्ष से सिराजुद्दीन के बीच में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को गाली गलौज की थी। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की थी। 16 जून को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। इस दौरान दोनों गुट अपने अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। जहां पूर्व प्रधान के दो वाहनों में लोहे की रॉ़ड, हॉकी व भारी मात्रा में लाठी डंडे भरे थे। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की तो सारा सामान बरामद हो गया। हालांकि पुलिस ने सारा सामान जब्त तो कर लिया था।
उपनिरीक्षक लोकेंद्र ने पूरी घटना दबा ली थी। इस मामले में एसएसपी डॉ, ब्रजेश सिंह ने संज्ञान में लिया। इस पर उन्होंने इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर ने पूर्व प्रधान के दो वाहनों को उसके घर से खिंचवाकर सीज कर दिया। फिर दोनों गुटों के 45 लोगों को मुचलका पाबंद किया है। बताया कि हल्का प्रभारी लोकेंद्र की लापरवाही सामने आई है। उन्हें बनेई हल्का से हटा दिया गया है।