जिला पंचायत वित्तीय वर्ष 2017-18 में जिले में जिले के विकास पर 44.30 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को जिला पंचायत के पंडित गोविंद बल्लभ पंत सभागार में हुई जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में बजट को मंजूरी मिल गई। इस दौरान कुछ सदस्यों ने मनरेगा से हो रहे कार्यों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए हंगामा भी किया। वर्ष 2016-17 की पूरक कार्ययोजना को भी बैठक में रखा गया। इसे भी सदन ने पारित कर दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्र की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2016-17 का 52,89,65241 रुपये का पुनीक्षण बजट रखा गया। इसे सर्व सहमति से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2017-18 का मूल बजट 44,30,98,533 रुपये सदन के पटल पर अनुमोदन के लिए रखा गया। इसे भी सदन ने स्वीकृति दे दी। वित्तीय वर्ष 2015-16 के संपत्ति और विभव कर की सूची को भी सदन का अनुमोदन मिल गया। बैठक के दौरान जब मनरेगा के कार्यों पर चर्चा हुई तो कुछ विपक्षी सदस्यों ने हंगामा कर दिया। डीसी मनरेगा ने वित्तीय वर्ष 2017-18 का 8149.84 लाख रुपये का श्रम बजट सदन में रखा। इस पर कुछ सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायतों से इसके लिए कार्य योजना प्राप्त नहीं की गई है। मुख्य विकास अधिकारी अच्छेलाल यादव ने भरोसा दिया कि जल्द कार्य योजना प्राप्त कर ली जाएगी। बैठक में गोविंद बल्लभ पंत सभागार के जीर्णोद्धार के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस पर सदस्य शांत हुए। बैठक में एमएलसी बनवारी सिंह यादव, विधायक आशीष यादव, आशुतोष मौर्य, डीसीबी चेयरमैन ब्रजेश यादव, एएमए अशोक कुमार सदस्यों में डॉ. शीकल अहमद, अशोक यादव, अंकुर यादव, राहुल यादव, नीलम यादव, दमयंती वर्मा, पूजा वर्मा, विनीता देवी, राजवती वर्मा आदि रहे।
9.40 करोड़ की लागत से बनेंगे 188 आंगनबाड़ी केंद्र
बदायूं। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जिले में 188 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को भी बोर्ड की सहमति मिल गई है। इन पर 9.40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर मनरेगा के तहत पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
खाली कराया जाएगा जिपं का गेस्ट हाउस
बदायूं। जिला पंचायत के गेस्ट हाउस को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग से खाली कराने का प्रस्ताव भी बैठक में पास किया गया। जिला पंचायत के गेस्ट हाउस में कई साल से ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग का कार्यालय चल रहा है। कई बाद सदस्य गेस्ट हाउस खाली कराने की मांग कर चुके हैं।