बदायूं। होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जिले के 4 लाख 27 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की गैस सिलिंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया। स्थानीय कार्यक्रम डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में हुआ।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा एवं जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आई है। पहले धुएं में खाना बनाने से महिलाओं को विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन गैस सिलिंडर मिलने से उन्हें इस समस्या से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क रिफिल से बची धनराशि का उपयोग महिलाएं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद में कर सकेंगी।
इस दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विजयेंद्र द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, आपूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस एजेंसी संचालक तथा लगभग 600 उज्ज्वला लाभार्थी मौजूद रहे।
प्रति कनेक्शन 552.50 रुपये
की दर से अंतरित हुई धनराशि
जिले के 4,27,000 उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को 552 रुपये 50 पैसे प्रति कनेक्शन की दर से कुल 23 करोड़ 59 लाख 17 हजार 500 रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद मंचासीन अतिथियों द्वारा 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
उज्वला योजना लाभार्थियों को सब्सिडी को चेक देती हुई प्रभारी मंत्री। स्त्रोत सूचना विभाग