बदायूं। शनिवार को पारा तो कुछ गिरा, लेकिन गर्मी से लोगों को राहत मिलती दिखाई नहीं दी। दिन भर लोग चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान रहे। ऐसे में लोग सड़कों पर धूप से बचने के जतन करते देखे गए। शुक्रवार की अपेक्षा पारे में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही, पर सड़कों पर दोपहर को रहने वाले सन्नाटे में कोई फर्क नहीं आया।
यूं तो गर्मी कई दिनों से पड़ रही है, लेकिन लू के चलने से दिक्कत और ज्यादा बढ़ गई है। शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा था, जबकि शनिवार को यही पारा 40 और 26 डिग्री सेल्सियस हो गया। सुबह आठ बजे के बाद से ही तेज धूप अपना असर दिखाने लगी। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ता गया वैसे-वैसे तापमान भी चढ़ता गया। सुबह 11 बजे के बाद लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया। जो लोग सड़कों पर थे, वो वही थे जिन्हें जरूरी काम था। दोपहर 12 बजे के बाद से सड़कों पर सन्नाटा छा गया। शाम चार बजे के बाद धूप और लू में कुछ कमी आई तब लोग घरों से निकले। स्कूलों से आने वाले बच्चों को उनके अभिभावक छाते आदि लगाकर लाते देखे गए। गर्मी का असर सरकारी दफ्तरों में भी देखने को मिल रहा है। कर्मचारी चाहते हुए भी बाहर नहीं निकलते। हालांकि माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी कार्यालय बंद रहे, लेकिन प्राइवेट कार्यालयों के लोग भी जरूरी कामों से ही बाहर निकलते दिखाई दिए।