धोबिया तालाब को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई शुरू
उझानी (बदायूं)। बहादुरगंज मोहल्ले में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के एक छोर पर धुबिया तालाब के किनारों को पाटकर अवैध कब्जा कर लिए जाने की शिकायतों पर मंगलवार को प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम सदर ने मौका मुआयना करने के बाद तहसीलदार और पालिका कर्मियों की टीम से तालाब की पैमाइश कराई और एक छोर को कब्जामुक्त कर दिया गया। पालिका ने पांच-छह कब्जाधारकों को चिह्नित किया है। उनके कब्जे भी हटवाए जाएंगे।
तालाब का रकबा काफी अधिक है लेकिन कुछ लोगों ने दो-तीन महीनों के दौरान इसके एक तिहाई हिस्से में भराव कर कब्जा कर लिया था। तीन-चार लोगों ने बाकायदा नींव भी भरवा रखी है। इसकी शिकायतें अफसरों तक पहुंची थीं। मंगलवार दोपहर एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य और तहसीलदार आरपी चौधरी मौके पर पहुंचे। पैमाइश के लिए राजस्व कर्मियों के साथ पालिका की टीम को भी बुलवा लिया गया। पुलिस की मौजूदगी में पालिका और राजस्व कर्मियों ने देर शाम तक तालाब की पैमाइश की। एक छोर को पाटकर भरी गई नींव को भी उखड़वा दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि तालाब के पूरे रकबा को चिह्नित कर लिया गया है। पूरे इलाके को कब्जामुक्त कराया जाएगा। पालिका प्रशासन से भी कहा गया है कि वह चिह्नित लोगों को नोटिस जारी कर दे। तालाब को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई बुधवार को भी चलने की उम्मीद है। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई की वजह से पूरे दिन अफरातफरी का माहौल बना रहा।