सिलेंडर से गैस लीक होने पर एक अधिवक्ता के भाई के घर में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाई। तब तक घर में रखा सारा सामान जल गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खजुरिया निवासी अधिवक्ता रामबाबू पंडित के भाई हरीबाबू के रसोई में सिलेंडर रखा था। सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे गैस लीक होने पर अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग से गर्म होने पर सिलेंडर में दरार बन गई, जिसे गैस तेजी से निकलने लगी। कुछ ही देर में आग रसोई से आग बराबर वाले कमरे तक पहुंच गई। आग की लपटें निकलती देख आसपास घरों में मौजूद लोग घबरा कर दूर भाग गए। सूचना देने के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मगर तब तक कमरे में रखे गेहूं व अन्य कीमती सामान जल गया। पीड़ित ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है।