‘मुझसे दो लोग रुपये मांगते हैं’
सहसवान सीएचसी प्रभारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से की शिकायत
इलेक्ट्रानिक मीटर में छेड़छाड़ करके बिजली जलाने वालों पर लिखाई गई, रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार सिंह मंगलवार सुबह 10:25 पर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। उन्हें देखते ही शिकायतकर्ता लाइन में खड़े हो गए। सबसे पहले सहसवान सीएचसी प्रभारी डॉ. गोविंद स्वर्णकार ने शिकायत की। बोले- मुझसे दो लोग अक्सर रुपये मांगते हैं। रुपये न देने पर बार-बार जन सूचना अधिकार के तहत सूचनाएं मांगते हैं। डीएम ने एसएचओ सहसवान को एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नैैथुआ गांव निवासी सोमवती ने कहा कि उनके पति की कुछ दिनों पहले मिट्टी की ढांग में दबकर मृत्यु हो गई थी। मंगलवार को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये का चेक देकर सहायता प्रदान की गई। ज्ञानवती व मीरा निवासी वहवलपुर ने शिकायत की कि उसकी भूमि पर ज्ञानचंद्र निवासी सादपुर गुलफाम, राकेश निवासी भगतपुर की भूमि पर अवैध कब्जा किए हुए हैं। डीएम ने एसएचओ सहसवान को एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विद्युत चोरी की शिकायत मिलने पर एसडीएम ने अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी व अवर अभियंता विद्युत को विवेक रस्तोगी के घर भेज कर जांच कराई। जांच में विद्युत मीटर में चिप नहीं पाई गई और सील टूटी मिली। घर में दो एसी सहित अन्य बिजली के उपकरण भी मिले, लेकिन कनेक्शन एक ही किलोवाट का था। जांच करने पर पाया गया कि बिजली सात किलोवाट से अधिक व्यय की जा रही है। दोषी पाए जाने पर विवेक रस्तोगी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक किट से छेड़छाड़ की धारा पंजीकृत कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसवान को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। शिकायतकर्ता कमलेश कुमारी ने कहा कि उसके घर के बाहर कई दिनों से सामान पड़ा है। उन्होंने पुलिस भेजकर मकान मालिक का ताला तुड़वाकर अंदर रखवा दिया। सायरा ने कहा कि उनका पति अक्सर उनके साथ में मारपीट करता है। डीएम ने उसके पति को पकड़वाकर कोतवाली भिजवा दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में अनाज, विद्युत, कृषि एवं समाज कल्याण सहित आदि विभागों से कुल 144 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। दोपहर 02:04 मिनट पर डीएम दिनेश कुमार सिंह ने लोगों को शासन की मंशा बताते हुए कहा कि सभी राशन डीलर सुन लें। अगर उपभोक्ता को कम राशन दिया तो जेल जाने को तैयार रहें।
----------
फोटो-53
बिल्सी में एडीएम ने सुनी जनता की समस्याएं
बिल्सी। एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव ने संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान करीब 19 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने शिकायती पत्रों की समीक्षा की। साथ भी उनका एक सप्ताह के अंदर गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम लाल बहादुर, सीओ चकबंदी पवन कुमार, एसडीओ अवनीत प्रताप सिंह, तहसीलदार अवनीश कुमार त्यागी, पूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार, बीईओ लालबाबू द्विवेदी, दिनेश कुमार शर्मा, किशनचंद्र, निरीक्षक सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।