बदायूं। मंगलवार शाम जरा सी बात पर रिजर्व पुलिस लाइन में रह रहे पुलिस परिवारों के बच्चे और रोडवेज कर्मचारी आमने-सामने आ गए। रोड पर जाम और हंगामे की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई और विवाद निपटा दिया।
हुआ यह कि पुलिस लाइन ग्राउंड के कॉलोनी वाले गेट के अंदर पीतलनगरी डिपो के चालक ने अपनी बस को मोड़ने की कोशिश की। वह गलती से बस को कॉलोनी गेट के अंदर ले गया। बस को गेट के अंदर देखकर पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारीजन भड़क गए। इनमें से एक युवक ने मुड़ रही बस के आगे अपनी बाइक बीच सड़क पर खड़ी कर दी। बस को मुड़ने से रोके जाने पर बरेली रोड पर जाम लगने लगा। इधर, पुलिसकर्मियों के बच्चे एकत्र हुए तो दूसरी ओर बस को रोके जाने पर कुछ अन्य बसों के चालक और परिचालक भी पहुंच गए। पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों ने अंदर घुसी बस को सीज कराने और स्टाफ पर कार्रवाई कराने की धमकी दी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में गहमागहमी होने लगी। लाइन के गेट हंगामा होने की सूचना पर यूपी 100 मौके पर आ गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि मामला पुलिस परिवार से जुड़े लोगों और रोडवेज कर्मचारियों के बीच है तो उन्होंने दोनों पक्षों को समझाया। रोडवेज कर्मचारियों को हिदायत दी कि आइंदा बस पुलिस कॉलोनी गेट में नहीं घुसनी चाहिए। बस को हटवाकर विरोध करने वाले पुलिस परिवारों के बच्चों को अंदर भेज दिया गया।