म्याऊं/ बदायूं। थाना उसावां और हजरतगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह कोहरे की वजह से कई जगह सड़क हादसे हुए जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
बाइक सवार विश्राम निवासी चंगासी और लाला एक ही बाइक पर हजरतपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही चितरी गांव के पास पहुंचे, आगे चल रहे पतेल से भरे डनलप से टकरा गए। इस हादसे में लाला पुत्र जीवतराम की मौत हो गई और विश्राम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि लाला अपनी बहन के घर चंगासी में कुछ दिनों पहले ही आया था। वह दिल्ली के पंकज गार्डन में मकान नंबर 159 में रहता था। हादसे की सूचना पर यूपी 100 गाड़ी मौके पर पहुंच गई। घायल को म्याऊं पीएचसी पर लाकर दिखाया गया। डॉक्टर ने विश्राम की गंभीर हालत देखकर उसे जिला अस्पताल भेज दिया है।
इधर, उसावां थाना क्षेत्र के गांव अह्मदगंज के पास सुबह सात बजे एक बेकाबू ट्रक ने शेखनगला के पास ट्रैक्टर को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में म्याऊं बाजार में ट्रैक्टर से धान बेचने आ रहे रामनिवास निवासी ब्रहमानगला थाना परौर जिला शाहजहांपुर, ट्रैक्टर मालिक मुलायम सिंह, गीता देवी पत्नी गिरिजापाल निवासी तससी गढ़िया जिला कासगंज, ट्रैक्टर ड्राइवर उदयवीर आदि घायल हो गए। हादसे मेंट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर के पीछे आ रहे डनलप को भी टक्कर मार दी। डनलप से हरीश पुत्र डोरीलाल निवासी गौतरा धान बेचने म्याऊं के बाजार जा रहे थे। डनलप पर नन्हे पुत्र खेमकरन भी बैठे थे। सड़क हादसे में वह घायल हो गए। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच गढ़िया रंगीन से दिल्ली तक चलने वाली डग्गामार बस ने आगे से यूपी 100 को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बस स्टाफ और पुलिस के बीच काफी देर तक फैसले को लेकर बात चलती रही। इससे दोनों तरफ दो घंटे रोड पर जाम लग गया। किसी ने थाना प्रभारी उसावां हरभान सिंह को सूचना दी। एसओ ने आननफानन थाने से फ़ोर्स भेजकर जाम खुलवाया।