बदायूं। शासन की ओर से मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, इसी क्रम में सिनेमाघरों के लिए सरकार ने समेकित प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सिनेमाघरों का उच्चीकरण और या उनके स्थान पर व्यावसायिक कांपलेक्स बनाने के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जाएगा। व्यावसायिक कांपलेक्स बनाने पर यह शर्त अनिवार्य होगी कि सिनेमाघर जरूर हो।
सिनेमाघर तोड़ कर कांपलेक्स बनाने पर एक वर्ष की शत-प्रतिशत धनराशि और शेष दो वर्षों के लिए 75 प्रतिशत धनराशि मुहैया कराई जाएगी। वहीं सिनेमाघर को पुन: संचालित करने पर या उसका उच्चीकरण करने पर एक वर्ष तक 75 प्रतिशत और शेष दो वर्षों तक 50 प्रतिशत अनुदान देने का प्रावधान है।
मनोरंजन विभाग की ओर से सिनेमा घरों के निर्माण को प्रोत्साहित करने एवं संचालित सिनेमा घरों के उच्चीकरण के लिए समेकित प्रोत्साहन योजना के तहत अनुदान के लिए कवायद शुरू हो गई है। बंद पड़े सिनेमाघरों को पुन: संचालित कराने, संचालित सिनेमा घरों का पुर्न निर्माण, रिमॉडलिंग करवाने, मल्टीप्लेक्स खुलवाने, एकल स्क्रीन सिनेमाघरों के निर्माण को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी किया जा रहा है। इसके लिए मनोरंजन विभाग की ओर से प्रथम 3 वर्ष तक 75 प्रतिशत और शेष 2 वर्ष तक 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। जिला मनोरंजन कर अधिकारी हनुमान सिंह ने बताया कि उच्चीकरण और व्यावसायिक कांपलेक्स बनाने के लिए विभिन्न मदों में अनुदान देने का प्रावधान हैं।