बदायूं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना लागू होने के बाद अब गांवों में भी मीटर अनिवार्य हो गया है। इसके बावजूद उपभोक्ता मीटर लगवाने से बच रहे हैं। कुछ गांवों में मीटर लगाने के विरोध की स्थिति सामने आई है। इसको देखते हुए बिजली विभाग अब गंभीर हुआ है। विभागीय अफसरों ने साफ कर दिया है कि मीटर न लगवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके लिए टीम पुलिस फोर्स के साथ गांवों में जाएगी। विरोध करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। टीम के साथ जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेजा जाएगा।
बिजली विभाग की जानकारी में आया है कि बिल्सी के खैरी और सखानू के इकरी गांव में सालों से बिना कनेक्शन कराए बिजली का उपयोग कई घरों में किए जा रहा है। इसके अलावा इन दोनों गांवों में ऐसे करीब दो सौ घर चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने मीटर नहीं लगवाया हैं और न ही लगवाना चाहते हैं। पांच दिन पहले मीटर लगाने के लिए विद्युत विभाग की टीम को दोनों गांव भेजा गया था, जहां गांव वालों ने मीटर लगाने का विरोध कर टीम को दौड़ा दिया था। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता छैलबिहारी ने बताया कि खैरी में लगभग 150 और इकरी गांव में करीब 60 कनेक्शन होने हैं। अब तक विभाग को लाखों का चूना इन दो गांव से लग चुका है फिर भी गांव वाले मीटर लगवाने को राजी नहीं है। प्रत्येक बृहिस्पतवार को ग्रामीण क्षेत्र के हर बिजली घर के दो मजरों पर विद्युत विभाग की तरफ से कैंप का आयोजन किया जाएगा जहां आसानी से उपभोक्ता कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते है।
---------
वर्जन-
अगर बिजली का उपयोग करना है तो हर कीमत पर गांव वालों को मीटर लगवाना होगा। बिना मीटर लगे जल्द ही बिजली की स्पलाई रोक दी जाएगी। हर बृहस्पितवार को गांव में कैंप लगेगा वहां भी उपभोक्त मीटर लगवाने के लिए आवेदन कर सकता है।
-छैलबिहारी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड, द्वितीय