फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं में आग का कहर: दातागंज क्षेत्र के तीन गांवों में 40 घर राख, साबितगंज, प्रेमी नगला और जटा में भारी तबाही

Tue, 21 Apr 2026 08:56 PM IST
Akash Dubey संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

मंगलवार को तेज हवाओं से जिले में कई जगह आग लगी। दातागंज में 40 मकान और उसहैत में 35 झोपड़ीनुमा घर जले, लाखों की संपत्ति स्वाहा हुई। गनीमत रही कि कहीं से भी जनहानि की खबर सामने नहीं आई।
विज्ञापन
कई जगह लगी आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मंगलवार को तेज हवाओं के चलते जिले में कई जगह आग का तांडव देखने को मिला। सबसे भयंकर स्थिति दातागंज तहसील क्षेत्र में सामने आई। यहां कटरी क्षेत्र के तीन गांवों में 40 मकानों को आग ने पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। सहसवान क्षेत्र में गेहूं की फसल जल गई तो बिसौली के डंप कूड़े में लगी आग फैली तो वहां अफरा-तफरी मच गई। जिले में हुए अग्निकांडों में लाखों की संपत्ति स्वाहा हो गई। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इन गांवों में राहत के लिए तहसील की टीमें पहुंच गई हैं। नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।

विज्ञापन


उसहैत में 35 झोपड़ीनुमा घर जलकर स्वाहा
स्थानीय थाने के कटरी इलाके के गांव प्रेमी नगला और जटा में आग का तांडव देखने को मिला। इसमें 35 झोपड़ीनुमा घर जलकर स्वाहा हो गए। इसमें घरेलू सामान, अनाज, बिस्तर आदि सब कुछ तबाह हो गया। लोग गांव के बाहर डेरा डाले पडे़े हैं।

मंगलवार दोपहर प्रेमी नगला गांव में अधिकतर ग्रामीण अपने-अपने खेतों पर काम कर रहे थे। तभी अचानक प्रेमीनगला गांव से आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दीं। हवा चलने के कारण आग बहुत तेजी से फैल रही थी। आग इतनी भीषण थी कि गांव वाले जबतक हा-हाकार करते हुए पहुंचे तमाम घर आग से घिर चुके थे। पास के गांव जटा में भी आग पहुंच गई। वहां भी लोग पहुंचे तो आग की लपटों के कारण गांव में घुसने की हिम्मत नहीं हुई। इस अग्निकांड में प्रेमी नगला में 11 और जटा में 24, कुल 35 झोपड़ीनुमा घर पूरी तरह से जलकर खाक में तब्दील हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया उनके घरों में गेहूं, भूसा और गेहूं की नरई आदि होने के कारण आग विकराल हो गई। आग में गृहस्थी का सामान, अनाज और नकदी सब कुछ जल गया।
विज्ञापन


खेतों से होकर रास्ता होने के कारण नहीं पहुंच सकीं दमकल
घटना की जानकारी मिलते ही थाना उसहैत प्रभारी देवेन्द्र सिंह अपनी पूरी टीम एवं अग्निशमन की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए। खेतों की ओर से जाने का रास्ता न मिलने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल और पंपिंग सैट्स से आग बुझाने का कार्य किया। बावजूद इसके दोनों गांवों के वाशिंदों को लाखों की क्षति पहुंची है।

एसडीएम और तहसीलदार भी पहुंचे मौके पर
एसडीम दातागंज और तहसीलदार भी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। राहत कार्य शुरू करा दिया है। लेखपाल राम प्रताप ने बताया पीड़ितों की लिस्ट बना कर प्रशासन को भेजी जा रही है। हर संभव मदद दी जाएगी।

पहले बाढ़ ने सताया और अब आग ने किया तबाह
उसहैत क्षेत्र के गांव प्रेमी नगला और जटा पहले बाढ़ ने तबाह कर दिए थे और अब इन्हें आग का कहर झेलना पड़ा है। बाढ़ के दिनों में कई दिनों तक इन गांवों में पानी भरा रहा था। उस समय भी इन गांवों के लोगों को गांव के बाहर डेरा डालकर रहना पड़ा था। इस बार आग के कारण इन्हें बेघर कर दिया है।

साबितगंज में लगी आग से पांच घर राख में हुए तब्दील
कटरी क्षेत्र के गांव साबितगंज मैं अचानक आग लगने से पांच घर जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गए। इस अग्निकांड में लगभग 10 लाख से अधिक क्षति का अनुमान है। इस घटना में एक भैंस भी झुलस गई है। फायरब्रिगेड की मदद से गांव वालों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।

मंगलवार को दोपहर गांव के रघुनाथ के घर से अचानक धुआं निकलने लगा। घर वाले जब तक माजरा समझते तब तक मकान में लपटे उठने लगीं। तेज हवा के चलते आग ने आसपास के राधेश्याम, रघुनाथ, महीपाल, राधे और लवकुश के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के गांव करनपुर लाखन नगला व चापर कौरा आदि गांवों केलोग भी अपने संसाधनों से मौके पर आ गए और आग बुझाने में जुट गए।

सूचना पाकर फायरब्रिगेड की गाड़ी गांव पहुंच गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गांव वालों न आग बुझाने के साथ आसपास के घरों को पानी से भिगो दिया, ताकि आग का विस्तार न हो सके। आग से निकली चिंगारी कुछ दूरी पर मेघराज और डबले की भूसे की बुर्जी पर जाकर गिरी लेकिन गांव के लोगों ने तुरंत ही उसे बुझा दिया। इस अग्निकांड में गेहूं सरसों और घरेलू सामान समेत पंपिंग सेट और तीन साइकिलें जल गईं। रघुनाथ की एक भैंस भी झुलस गई है। क्षेत्रीय लेखपाल आग के नुकसान का आंकलन करने पहुंच गए हैं।

बदायूं: हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल जली
सहसवान क्षेत्र में खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के ढीले तारों से गिरी चिंगारी से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुडारी सिधारपुर के खेतिहर इलाके में हुआ। गांव निवासी महेंद्र के खेत के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। खेत में गेहूं की फसल खड़ी हुई है। दोपहर में हाईटेंशन लाइन के तार से फसल में आग लग गई। देखते ही देखते करीब एक बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो गई। बता दें कि ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरु करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी जब तक किसान की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। वही मौके पर राजस्व विभाग की टीम भी पहुंच गई।

बिसौली में डंप किए कूड़े में आग लगी, मची अफरा-तफरी
नवीन मंडी स्थल की बाउंड्री के पास डंप किए गए कूड़े में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित डामर डिपो तक आग पहुंच गई। जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई। मौके पर पहुंचे नगर पालिका के टैंकरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद मंडी सचिव रंजीत मौर्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए बाउंड्री के पास कूड़ा डंप किए जाने पर नाराजगी जताई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें